जूनियर नेशनल स्क्वैश में उज्जैन की आराध्या बनी गोल्ड मैडलिस्ट

भोपाल। उज्जैन की प्रतिभाशाली खिलाड़ी आराध्या पोरवाल ने जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप 2025 (गर्ल्स अंडर-17) का खिताब अपने नाम कर लिया है। चेन्नई में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में आराध्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता और उज्जैन सहित पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आराध्या को बधाई देते हुए कहा कि “बेटी आराध्या ने अपनी मेहनत और लगन से उज्जैन, प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।” वही खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी आराध्या को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।आराध्या वर्तमान में ऑल इंडिया अंडर-17 गर्ल्स रैंकिंग में नंबर-1 खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने अब तक के करियर में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं, जिनमें एशियन जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक और वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में शीर्ष 32 में स्थान प्रमुख हैं।


आराध्या दिल्ली में पदस्थ पुलिस उपायुक्त विक्रम पोरवाल की बेटी हैं। उनकी इस सफलता पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने भी बधाई दी है। उज्जैन की इस होनहार बेटी की सफलता पर पूरे प्रदेश और देश में गर्व की भावना है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें