राजद नेता तेजस्वी यादव ने सभी एग्जिट पोल को किया खारिज, दबाव में सर्वेक्षण कराने का आरोप

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बुधवार को सभी एग्जिट पोल को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दवाब में किया गया सर्वेक्षण है।

तेजस्वी यादव ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में कहा कि जब लोग वोट डालने के लिए कतार में खड़े थे, तब एग्जिट पोल आया। इस तरह का सर्वेक्षण दबाव में किया गया है। यह वही मीडिया है, जिसने इस्लामाबाद और कराची पर कब्ज़ा कर लिया था। यह वही मीडिया है, जिसने बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन की खबर चलाई और योगी आदित्यनाथ जैसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शोक संदेश भी जारी किया।

तेजस्वी यादव ने कहा कि एग्जिट पोल दिखाने वाले मीडिया सर्वेक्षण के सैंपल साइज के बारे में बात नहीं कर पा रहे हैं। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र में बैठे लोग जो भी फैसला करें, वही होगा। उन्होंने कहा कि 2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में, 72 लाख ज़्यादा लोगों ने वोट दिया है और 243 विधानसभा क्षेत्रों में विभाजित करने पर यह संख्या प्रति विधानसभा क्षेत्र 29,000 से ज़्यादा होगी। यह बंपर वोटिंग बदलाव के लिए है। प्रदेश में सरकार बदलने वाली है। 72 लाख वोट नीतीश कुमार को बचाने के लिए नहीं, बल्कि उनकी सरकार बदलने के लिए है।

महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि इससे पहले मीडिया ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी एग्ज़िट पोल में हार दिखाई थी, लेकिन नतीजे बिल्कुल उलट आए। इतना ही नहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान एजेंसियां 400 से ज़्यादा सीटें जीता रही थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतगणना को धीमा करने की कोशिश की जाएगी और हर ज़िले में सेना का फ़्लैग मार्च निकालकर डर पैदा किया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने कहा कि 1951 के बाद बिहार में सबसे ज़्यादा मतदान लगभग 67 प्रतिशत से ज्यादा दर्ज किया गया। उन्हें कुछ भी करने दो, इस बार राजग का सूपड़ा साफ़ होगा, हमें भारी जीत मिलने वाली है। हमारे लोग किसी से नहीं डरते और मतगणना में भी कोई धांधली नहीं हो सकती। हमारे लोग सतर्क हैं और मतगणना केंद्रों पर कड़ी नज़र रख रहे हैं।

यह भी पढ़े : बदलते बिहार का चुनावी सफर! 2020 से 2025 तक राजनीति का रुख, चेहरों से लेकर जनमत तक सब बदल गया

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें