
अजमेर : राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी मंगलवार को अजमेर पहुंचीं, जहां उन्होंने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी स्वर्गीय इंदिरा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उप मुख्यमंत्री ने देवनानी निवास पहुंचकर इंदिरा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दिया कुमारी ने इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा परिवार की महिलाओं को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि “इंदिरा देवी का निधन एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। इस कठिन समय में पूरा प्रदेश देवनानी परिवार के साथ खड़ा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति मिले।”
इस अवसर पर अजमेर जिला कलेक्टर लोकबंधु, एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने इंदिरा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व इंदिरा देवी के निधन से अजमेर में शोक की लहर है। उप मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल संवेदना व्यक्त करने का प्रतीक रहा, बल्कि यह संदेश भी दिया कि दुख के समय राजनीति और समाज एकजुट हैं।










