
एटा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा के आदेश पर अपर जिला जज कमालुद्दीन के नेतृत्व में शनिवार को लक्ष्मीबाई गर्ल्स इंटर कॉलेज, जी.टी. रोड, एटा में विधिक सेवा दिवस के अवसर पर एक जागरूकता रैली और विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया।
रैली का उद्देश्य आमजन तक कानूनी जागरूकता और विधिक सहायता के महत्व को पहुंचाना था। इस दौरान मध्यस्थ अधिवक्ता योगेश कुमार सक्सेना और पराविधिक स्वयंसेवकगण ने विद्यालय की छात्राओं को निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़ी जानकारी दी।
साथ ही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हरचंदपुर और कुनावली में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में “मिशन शक्ति” अभियान के पाँचवें चरण के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई।
पराविधिक स्वयंसेवक पूनम यादव ने बच्चों और महिलाओं से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने भी उपस्थित छात्राओं और शिक्षकों को कानून की उपयोगिता और अधिकारों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इन्द्रजीत प्रजापति ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रतीक्षा राजपूत और प्रबंधक सुधा गुप्ता ने की। इस दौरान पी.एल.वी. प्रिंस गौतम, संजीव शाक्य, दीपेश कुमार, पूनम, प्रीती, विनीता, खुशबू शर्मा सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं, छात्राएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।










