Himachal : 19 स्थानों पर न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा माैसम

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बावजूद ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। बीती रात सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। राज्य के 19 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि तीन जगह तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। कुकुमसेरी में सबसे कम तापमान -3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोलन, कांगड़ा, हमीरपुर और मंडी में पारा राजधानी शिमला से भी नीचे चला गया। हालांकि, आज शिमला और अन्य इलाकों में खिली धूप से लोगों ने कुछ राहत महसूस की।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में 16 नवंबर तक मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है। सुंदरनगर और बिलासपुर में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला में सुबह और शाम ठंड में इजाफा हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले चार से पांच दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

राज्य के प्रमुख स्थानों पर तापमान:
शिमला 8.8°C, सुंदरनगर 7.7°C, भुंतर 5.0°C, कल्पा 0.4°C, ऊना 9.0°C, नाहन 10.6°C, केलांग -2.5°C, सोलन 5.8°C, मनाली 3.1°C, मंडी 8.7°C, कांगड़ा 7.6°C, बिलासपुर 10.8°C, हमीरपुर 7.4°C, कुफरी 6.9°C, कुकुमसेरी -3.0°C, और ताबो -5.3°C।

पर्यटन कारोबार में फिर रौनक
कुल्लू जिले में आपदा के बाद धीरे-धीरे पर्यटन गतिविधियां फिर से पटरी पर लौट रही हैं। जून में आई आपदा के बाद घाटी का पर्यटन पूरी तरह ठप हो गया था, लेकिन अब हालात सामान्य हैं। ब्यास नदी में रोजाना तीन सौ से अधिक राफ्टें सैलानियों को रोमांचक सैर पर ले जा रही हैं। इससे न केवल पर्यटन उद्योग को बल मिला है बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें