UP : लखनऊ सहित कई शहरों में तापमान में गिरावट, पछुआ हवाओं से बढ़ी ठंडक

Lucknow : उत्तर प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेशभर में चल रहीं उत्तरी-पछुआ हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं की वजह से धूप सुहानी लग रही है। नवंबर के दूसरे सप्ताह में मौसम ने करवट ले ली है — सुबह और रात में हल्की सिहरन के साथ कोहरे की चादर ने ठंड का एहसास बढ़ा दिया है, वहीं दिन में खिली धूप लोगों को राहत दे रही है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तीन से चार दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अगर पछुआ हवाओं का रुख ऐसे ही बना रहा, तो अगले सप्ताह से ठंड और तेज महसूस होगी। रविवार को बाराबंकी, कानपुर, प्रयागराज, बरेली, आगरा और सोनभद्र समेत दस से अधिक जिलों में रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। पश्चिमोत्तर दिशा से बह रहीं हवाओं के कारण रातें और ज्यादा ठंडी हो गई हैं। कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरे की पतली परत से दृश्यता भी प्रभावित हुई।

लखनऊ में भी ठंड ने पकड़ी रफ्तार
राजधानी लखनऊ में पछुआ हवाओं के असर से ठंड ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। शनिवार देर शाम से ही सर्द हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी थी, और रविवार को सुबह से लेकर दिन तक ठंड का असर महसूस हुआ। धूप निकलने के बावजूद हवाओं की ठंडक के आगे धूप फीकी पड़ती नजर आई।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हाल में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में हुई बर्फबारी से अब वहां से आ रही उत्तरी-पछुआ हवाओं ने यूपी में ठंडक बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों तक सुबह और शाम को कोहरा और बढ़ सकता है, जबकि दिन में धूप बनी रहेगी।

रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन तक ठंड का यही असर जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें