
सहारनपुर। जिले के अंबेहटा मंडल के भाजपा उपाध्यक्ष धर्म सिंह कोरी (65) की बीती रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उस समय हुई जब धर्म सिंह अपने घर के बाहर बने घेर में सो रहे थे।
सुबह जब उनकी पत्नी सुनीता ने देखा कि चारपाई के पास खून फैला हुआ है, तो उसने शोर मचाया। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और पाया कि धर्म सिंह के माथे में गोली लगी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े पुत्र सुमित ने बताया कि रात लगभग दो बजे कुत्तों के भौंकने और पटाखे जैसी आवाजें सुनाई दीं, लेकिन गांव में दो शादियां चल रही थीं, इसलिए परिवार ने उसे आतिशबाजी समझकर ध्यान नहीं दिया। सुबह होने पर वारदात का पता चला।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और हत्या के कारणों की तलाश में जुटी है। गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है।









