
Varanasi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस स्टेशन से खजुराहो जाने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन कई मायनों में खास है। एक ओर इसके साथ 8 का मूलांक जुड़ा है, वहीं दूसरी ओर इसका संचालन आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तीर्थ यात्राओं को देश की चेतना का माध्यम कहा गया है : प्रधानमंत्री मोदी
पीएम ने कहा कि हमारे भारत में सदियों से तीर्थ यात्राओं को देश की चेतना का माध्यम कहा गया है। ये यात्राएं केवल देवदर्शन का मार्ग नहीं है, बल्कि भारत की आत्मा को जोड़ने वाली पवित्र परंपरा है। प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, चित्रकूट, कुरुक्षेत्र जैसे अनगिनत तीर्थ क्षेत्र हमारी आध्यात्मिक धारा के केंद्र हैं। आज जब ये पावन धाम वंदे भारत के नेटवर्क से जुड़ रहे हैं, तो एक तरह भारत की संस्कृति, आस्था और विकास को जोड़ने का भी काम हुआ है। ये भारत की विरासत के शहरों को देश के विकास का प्रतीक बनाने की तरफ एक अहम कदम है।
मील का पत्थर बनने जा रही हैं ये ट्रेनें : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज जिस तरह से भारत ने विकसित भारत के लिए अपने साधनों को श्रेष्ठ बनाने का अभियान शुरू किया है, ये ट्रेनें उसमें एक मील का पत्थर बनने जा रही हैं।
बनारस में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि बनारस आने वाले हर व्यक्ति को यहां का अनुभव विशेष महसूस हो — चाहे वह रहने की सुविधा हो, इलाज की व्यवस्था हो या अन्य सेवाएं। पिछले 10-11 वर्षों में काशी की स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। पहले किसी गंभीर बीमारी का इलाज करना बेहद कठिन था और बीएचयू अस्पताल ही एकमात्र विकल्प था, जहां मरीजों को रातभर लाइन में खड़े रहने के बाद भी बेड नहीं मिल पाता था।
अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। सरकार ने महामना कैंसर अस्पताल समेत कई आधुनिक अस्पतालों का निर्माण कराया है। इससे न केवल पूर्वांचल बल्कि आस-पास के राज्यों के लोगों को भी बेहतर इलाज मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना और जन औषधि केंद्रों की वजह से गरीबों को सस्ती दवाएं और मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है, जिससे लाखों लोगों को करोड़ों रुपये की बचत हो रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर से विकास की नई दिशा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया के सभी विकसित देशों की आर्थिक प्रगति के पीछे सबसे बड़ा कारण उनका मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर है। जो भी देश तेजी से आगे बढ़े हैं, उनके विकास की असली ताकत बुनियादी ढांचे का विस्तार और सुदृढ़ता रही है। भारत भी उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां आर्थिक विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण एक साथ नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।










