
फतेहपुर। आबूनगर स्थित विवादित मंदिर–मकबरा स्थल पर देव दीपावली के अवसर पर आधा सैकड़ा महिलाएँ दीपक और पूजन सामग्री लेकर पहुंचीं। जैसे ही महिलाएँ बैरिकेडिंग के पास पहुंचीं, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
महिलाओं का कहना है कि वह विवादित स्थल में प्रवेश नहीं कर रही थीं, बल्कि अपने घरों के सामने मंदिर की ओर मुख करके पूजा कर रही थीं। जबकि पुलिस का कहना है कि भीड़ जुटाकर धार्मिक माहौल बनाने की कोशिश की गई, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। रात में पुलिस ने पप्पू सिंह की पत्नी समेत 20 अज्ञात महिलाओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल पप्पू सिंह के घर के बाहर पहुंचा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इससे मामला और भड़क उठा।
विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने इस कार्रवाई को “दमनात्मक” बताते हुए कहा कि देव दीपावली पर महिलाएँ अपने घर के सामने दीपक जला रही थीं। वह प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं गईं। पुलिस ने न सिर्फ उन्हें रोका, बल्कि रात में घरों में घुसकर बदतमीज़ी की और मुकदमा दर्ज किया। यह बर्दाश्त नहीं होगा। यदि प्रशासन ने यह रवैया नहीं सुधरा तो हजारों सनातनी सड़कों पर उतरेंगे। पुलिस को भी यह समझ लेना चाहिए कि अगर वह हमारे घरों में घुसेंगे, तो हम भी उनकी कोतवाली में घुसेंगे।









