
पूरनपुर, पीलीभीत। आसाम हाईवे पर आवागमन करने वाले यात्रियों की जिंदगी जर्जर वाहनों पर खतरे के बीच सफर कर रही है। विभागीय अनदेखी से दो दर्जन से अधिक मैजिक चालक आसाम हाईवे पर मौत का पहिया घुमा रहे हैं। दिन के उजाले में दौड़ रहे इन वाहनों से विभागीय अधिकारी आंखें फेरे हुए हैं। चर्चा है कि मिली भगत के चलते कार्रवाई नहीं की जा रही है।
एक नवंबर से यातायात माह शुरू हो चुका है। परिवहन विभाग के अफसर जगह जगह कार्यक्रम कर लोगों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ा रहे है। निजी वाहन चालक इन नियमो की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। पूरनपुर- पीलीभीत आसाम हाईवे पर परिवहन विभाग की ओर से बसों संचालन किया जा रहा है। निजी वाहन चालकों की मनमानी से परिवहन विभाग की इन बसों का संचालन घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
अधिकारियों की अनदेखी से पूरनपुर से पीलीभीत के लिए दो दर्जन से अधिक मैजिकों का अवैध रूप से संचालन किया जा रहा है। इनमें अधिकांश वाहन अनफिट है। इन वाहनों में न तो ब्रेक सही है और न ही बाड़ी की मजबूती बची है। इसके बावजूद भी विभागीय संरक्षण में यह वाहन बेखौफ हाईवे पर फर्राटा भर रहें हैं। विभाग की ओर से अधिकांश मैजिक चालकों को छह से सात सवारियों का परमिट जारी किया गया है। सात सवारियों के परमिट पर चालक 16 सवारियां बैठाकर पूरे दिन लोगों की जान जोखिम में डालकर वाहन दौड़ा रहे हैं।
सवारियों से मनमाना किराया भी वसूला जा रहा हैं। ऐसा नहीं कि विभागीय अधिकारियों की नजर इन पर नहीं जाती, सब कुछ जानते हुए भी अधिकारी आंखे बंद कर लेते हैं। कार्रवाई न होन से बेखौफ होकर वाहन चालक सवारियों की जिंदगी से खिलवाड़ कर हैं। इस दौरान हादसे की प्रबल संभावना बनी रहती है।
पीलीभीत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मैजिक संचालकों को मंडलीय परमिट जारी दिया जाता है। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। परमिट से अधिक सवारियां बैठाने का मामला संज्ञान में नहीं है। चेकिंग कर कार्रवाई की जाएगी।










