
उज्जैन: बुधवार सुबह महाकाल मंदिर मार्ग स्थित बेगमबाग क्षेत्र में उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुस्लिम बाहुल्य इलाके के 12 मकान और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई, जिसके चलते हरि फाटक से महाकाल घाटी मार्ग तक यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
यूडीए के सीओ संदीप सोनी ने बताया कि यह डीड उल्लंघन के मामलों में की गई पांचवीं कार्रवाई है। तीन प्लॉटों को अवैध रूप से टुकड़ों में बांटकर बनाए गए 12 निर्माण (मकान व दुकानें) गिराए गए। कार्रवाई में चार पोकलेन मशीनें, तीन जेसीबी और नगर निगम के 50 से अधिक कर्मचारी शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
इससे पहले 24 अक्टूबर को सभी 12 परिवारों को अंतिम नोटिस जारी किया गया था। अब तक बेगमबाग क्षेत्र में कुल 60 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया जा चुका है, ताकि जमीन को प्राधिकरण के कब्जे में लिया जा सके।
जानकारी के अनुसार, 1985 में इस क्षेत्र में 34 प्लॉट 30 साल की लीज पर आवासीय उपयोग के लिए दिए गए थे। नियमों के अनुसार, इन प्लॉट्स को बेचना या व्यावसायिक उपयोग के लिए बदलना प्रतिबंधित था। बावजूद इसके, कई लोगों ने मकानों पर दुकानें, होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खोल दिए और लीज का भुगतान भी नहीं किया।
यूडीए ने बताया कि यह भूमि भविष्य में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और विकास योजनाओं के लिए उपयोग की जा सकती है। वहीं, जिन अवैध निर्माणों पर कोर्ट से स्टे ऑर्डर मिला हुआ है, उन पर फैसला आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।










