MP : गोविंदपुरी के थ्री स्टार होटल में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी फरार

ग्वालियर : शहर के गोविंदपुरी स्थित थ्री स्टार होटल में शादी का झांसा देकर एक 24 वर्षीय युवती से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पीड़िता, जो लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी के पास रहती है, ने बताया कि उसके पिता मजदूर हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। इसलिए वह एक गारमेंट्स फैक्ट्री में लोअर पैकेजिंग का काम करती थी। इसी फैक्ट्री में सिरोल निवासी 24 वर्षीय रोहित माहौर भी काम करता था। काम के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और रिश्ता प्रेम में बदल गया।

पीड़िता के अनुसार, अपने जन्मदिन के दिन रोहित ने उसे गोविंदपुरी के थ्री स्टार होटल में बुलाया। वहां केक काटने के बाद उसने शादी का वादा कर उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ दिनों बाद आरोपी ने फिर उसी होटल में बुलाकर दोबारा दुष्कर्म किया।

लगातार धोखे और शोषण से तंग आकर युवती ने करीब एक महीने पहले नौकरी छोड़ दी। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने विश्वविद्यालय थाने में शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी रोहित माहौर के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें