
- धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में आयोजित ब्रज रज उत्सव 2025 कार्यक्रम स्थल पर हुआ यातायात माह का शुभारंभ
Mathura : चार नवंबर को जनपद में यातायात माह का विधिवत शुभारंभ हुआ। धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में आयोजित ब्रज रज उत्सव 2025 कार्यक्रम स्थल पर यातायात माह के शुभारंभ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं एसएसपी श्लोक कुमार ने यातायात माह नवंबर 2025 का फीता काटकर शुभारंभ किया और यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पित की गई और दीप प्रज्वलित किया गया।
जिलाधिकारी सी.पी. सिंह ने यातायात माह के दौरान पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी साझा की। इस दौरान आम लोगों से अपील की गई कि वे तेज गति से वाहन न चलाएं, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट का ही प्रयोग करें और यातायात नियमों का अनुपालन करें।
इस वर्ष केंद्र सरकार की ओर से सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को आधा करने के संकल्प के साथ काम किया जा रहा है। इसके लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। यातायात माह के दौरान लोगों को लगातार जागरूक किया जाता है, यातायात नियमों की जानकारी दी जाती है और उल्लंघन करने वालों को दंडित भी किया जाता है।
हालांकि यातायात माह का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि वे सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में राजीव सिंह (पुलिस अधीक्षक नगर), राजकुमार अग्रवाल (पुलिस अधीक्षक सुरक्षा), मनोज कुमार यादव (पुलिस अधीक्षक यातायात) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्था प्रभारी निरीक्षक यातायात शौर्य कुमार ने संभाली।
यह भी पढ़े : मिशन लाइफ से फिर जाग रहीं भारत की पुरानी संरक्षित परंपराएं- प्रधानमंत्री मोदी










