CM सुक्खू ने पुलिस के 66 नए वाहनों को दिखाई हरी झंडी, 10 जिलों में होगी तैनाती

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को चौड़ा मैदान से पुलिस विभाग के पेट्रोलिंग और अन्य वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी वाहन प्रदेश के दस जिलों में यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देंगे। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी और विधायक भवानी सिंह पठानिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही यह प्रयास किया जा रहा है कि सभी विभागों में आधुनिक तकनीक और संसाधनों का उपयोग बढ़ाया जाए। हिमाचल एक पर्यटन राज्य है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं। ऐसे में ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से 66 नई गाड़ियां पुलिस विभाग को सौंपी गई हैं, जो आपात स्थिति में तुरंत घटनास्थल पर पहुंचेंगी और यातायात नियंत्रण में मदद करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में 1200 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती पूरी की गई है और पुलिस बल को आधुनिक हथियारों व उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है। राज्य सरकार ‘चिट्टा’ (नशे) के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और इसके लिए पुलिस को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें