कुलदीप बिश्नोई का कांग्रेस पर हमला : कहा, पार्टी अब विचारों की नहीं, व्यक्तियों की हो चुकी है

चंडीगढ़ : हरियाणा के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब कांग्रेस विचारों की नहीं, बल्कि व्यक्तियों की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने यह बयान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह के इस्तीफे के बाद दिया, जिसने हरियाणा की राजनीति में हलचल मचा दी है। नाम लिए बिना बिश्नोई ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधा।

बिश्नोई ने अपने एक्स (X) हैंडल पर प्रो. संपत सिंह का इस्तीफा पत्र साझा करते हुए लिखा—
“प्रो. संपत सिंह ने जो लिखा है, वह सिर्फ इस्तीफा नहीं, बल्कि एक सच्चा आईना है। सोचने वाले निकल रहे हैं, चापलूस टिकाए जा रहे हैं। जहां विचार मरता है, वहां संगठन भी मर जाता है।”

उन्होंने कहा कि यह स्थिति कांग्रेस के वैचारिक पतन को दर्शाती है, जहां सिद्धांतों की जगह व्यक्तिपूजा ने ले ली है। यही कारण है कि आज पार्टी के अंदर असहमति के स्वर दबा दिए जाते हैं और ईमानदारी से काम करने वाले नेता हाशिए पर चले जाते हैं।

गौरतलब है कि प्रो. संपत सिंह ने अपने इस्तीफे में बिश्नोई सहित दर्जन भर वरिष्ठ नेताओं के पार्टी छोड़ने को कांग्रेस की गिरती आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था का परिणाम बताया था। उन्होंने बिना नाम लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर संगठन को व्यक्तिगत वर्चस्व का उपकरण बनाने का आरोप लगाया।

बिश्नोई के बयान के बाद हरियाणा कांग्रेस में सियासी तापमान और तेज़ हो गया है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें