
गोहाना (सोनीपत)। हरियाणा के सोनीपत-गोहाना हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव खेड़ी दमकन के पास पराली से भरी ट्रॉली लेकर जा रहे ट्रैक्टर और इको कार की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। अचानक उसने इको कार की दिशा में साइड दबा दी, जिससे इको ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में गांव बीधल निवासी अशोक, उसकी पत्नी आशु और डेढ़ साल की बेटी चेष्टा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इसी गांव के सृष्टि, उसकी मां सरिता और वीरेंद्र घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोहाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को नागरिक अस्पताल और भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने अशोक, आशु और चेष्टा को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी सृष्टि ने बताया कि वह अपनी मां सरिता के साथ भिवानी में सत्संग में गई थी। रात में लौटते समय वे इको में सवार हुए थे। खेड़ी दमकन के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर ने अचानक साइड दबा दी, जिससे यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद गांव बीधल में मातम छा गया। मृतक अशोक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी आशु से हुई थी और उनकी डेढ़ साल की बेटी चेष्टा थी। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया।













