Basti : ग्राम विकास अधिकारी प्रियंका यादव के निलंबन पर भड़के सचिव, सभी ब्लॉकों में धरना-प्रदर्शन जारी

Basti : साऊंघाट ब्लॉक की ग्राम विकास अधिकारी प्रियंका यादव के निलंबन के विरोध में शनिवार को भी ग्राम सचिवों का आंदोलन जारी रहा। सचिवों ने छठे दिन भी संपूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए जिले के सभी 14 ब्लॉकों में धरना-प्रदर्शन जारी रखा।

रामनगर ब्लॉक परिसर में अध्यक्ष आदर्श पांडेय और मंत्री जयेंद्र लाल ने कहा कि एक महिला अधिकारी के निलंबन ने कर्मचारियों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई मनमाने तरीके से की गई है, जिसे तुरंत वापस लिया जाए।

साऊंघाट ब्लॉक मुख्यालय पर सचिवों ने बीडीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए निलंबन को तत्काल रद्द करने की मांग की। सचिवों का कहना है कि जब तक निलंबन वापस नहीं होगा, वे कार्य बहिष्कार और धरना जारी रखेंगे।

रुधौली ब्लॉक परिसर में भी सचिवों ने कार्य बहिष्कार करते हुए धरना जारी रखा और चेतावनी दी कि यदि निलंबन वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन अनिश्चितकाल तक चलेगा। इसी तरह सल्टौआ विकास खंड में भी ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारियों ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।

कर्मचारियों का कहना है कि प्रियंका यादव के साथ अन्याय हुआ है और यह कार्रवाई एक उदाहरण बन सकती है, जिससे भविष्य में अधिकारियों पर दबाव बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जब तक निलंबन आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक जिलेभर में कोई भी विकास कार्य नहीं किया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, सभी विकास खंडों में सचिवों का धरना जारी है और आंदोलन धीरे-धीरे व्यापक रूप लेता जा रहा है। सचिवों का कहना है कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि समूचे कर्मचारी वर्ग की अस्मिता का सवाल है।

कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के बीच बीडीओ साऊंघाट मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी प्रियंका यादव के खिलाफ कार्य में लापरवाही और मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है।

परसरामपुर : निलंबन के विरोध में दुसरे दिन सचिवों का धरना जारी

परसरामपुर बस्ती। विकास खण्ड मुख्यालय पर ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले शनिवार को भी धरना जारी रहा।धरने में नारे बाजी किया। नारे लगाते हुए सचिव ने कहा की जब तक सचिव को बहाल नहीं किया जायेगा तब तक धरना अनवरत जारी रहेगा ।

साऊँघाट ब्लॉक में सचिव प्रियंका यादव के निलंबन के विरोध में ग्राम पंचायत अधिकारियों ने धरना दिया।सुबह दस बजे से विकासखंड मुख्यालय पर बैठे सचिवों ने आरोप लगाया कि खंड विकास अधिकारी साऊँघाट मनोज श्रीवास्तव ने सचिव प्रियंका यादव को बिना उनका पक्ष सुने ही मनमानी तरीके निलंबित कर दिया।जब तक उक्त सचिव को बहाल नहीं कर दिया जाता तब तक विकासखंड कार्यालय पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना जारी रहेगा और कार्य बहिष्कार भी जारी रहेगा।

इस मौके पर सचिव राजमंगल दूबे,अर्चना वर्मा,महेश पांडेय,गिरजेश वर्मा,अविनाश पांडेय,अभिषेक सोनी,अजीत सिंह बिजेंद्र गौतम आलोक दिवाकर संजीव कुमार प्रवीण गौड़ सोमनाथ वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें