
Bihar : भोजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट गांव नट स्थान के पास शुक्रवार की सुबह मिठाई दुकानदार और उनके पुत्र का शव मिला है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात दोनों की हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव सड़क किनारे पड़े मिले हैं, जिसमें सिर समेत अन्य भागों में गोली के निशान पाए गए हैं। मृतकों की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव निवासी प्रमोद कुशवाहा (45 वर्ष) और उनके पुत्र प्रियांशु कुशवाहा (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रमोद कुशवाहा पियनिया बाजार में मिठाई की दुकान चलाते थे और बताया जाता है कि वे राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी के कार्यकर्ता भी थे। घटना के बारे में पता चला है कि, गुरुवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्रमोद को फोन कर आने को कहा। इसके बाद वह अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर दुकान से निकले, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे।
परिजन उनकी खोजबीन में लगे रहे। सुबह जब बेलघाट के पास दोनों का शव मिला तो पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष दीपक कुमार और पुलिस बल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस, मृतकों की बाइक और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है। अभी तक इस हत्या का स्पष्ट कारण ज्ञात नहीं हो सका है। मामले की जांच जारी है, और पुलिस हर पहलू से घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़े : Bihar NDA Manifesto : NDA के संकल्प पत्र-2025 में बिहार का विकास, 5 साल में 1 करोड़ नौकरियां व 4 शहरों में मेट्रो
















 
    
    