
देहरादून : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो नवंबर को देहरादून पहुंचेंगी, जहां वे राष्ट्रपति निकेतन में रात्रि विश्राम करेंगी। तीन नवंबर को सुबह वे उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। राज्य स्थापना रजत जयंती कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रपति का यह संबोधन प्रदेश के लिए गौरव का अवसर होगा।
इससे पहले, दो नवंबर को सुबह 11:25 बजे राष्ट्रपति हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वे देहरादून लौटकर राष्ट्रपति निकेतन में रात्रि प्रवास करेंगी।
तीन नवंबर को सुबह 11 बजे वे विधानसभा के विशेष सत्र में संबोधन देंगी और शाम 5:30 बजे नैनीताल राजभवन में उसके 125 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में भाग लेंगी।
चार नवंबर को सुबह 11:20 बजे राष्ट्रपति कैंचीधाम में नीब करौली बाबा के दर्शन और पूजा करेंगी। इसके पश्चात दोपहर तीन बजे वे कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी।
















 
    
    