
- साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर निर्देश
Lucknow : छठ पूजा के दृष्टिगत रविवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता आरआर मनोज प्रभात तथा नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना था।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले लक्ष्मण मेला मैदान का निरीक्षण किया और वहां की सफाई व्यवस्था एवं छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने गोमती नदी का निरीक्षण स्टीमर के माध्यम से किया। इस दौरान उन्होंने नदी की साफ-सफाई, घाटों की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम की तैयारियों की सराहना की और जहां आवश्यक था, वहां सुधार संबंधी निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा और आस्था का उत्सव है, जिसमें स्वच्छता और सुरक्षा दोनों का विशेष महत्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी और घाटों की सफाई पर निरंतर निगरानी रखी जाए। साथ ही, गोमती नदी पर बने पुलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, बड़े डस्टबिन रखने और घाटों पर अर्पण कलश स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।
मंडलायुक्त महोदय ने नगर निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया और कहा कि सफाई व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर है। उन्होंने घाटों पर जल स्तर, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा और शौचालयों की उपलब्धता की भी जानकारी ली।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा गोमती नदी की सफाई के लिए 15 नावें (बोट्स) और एक स्टीमर लगाया गया है, जिसकी निगरानी जीपीएस एप के माध्यम से की जा रही है। इसके अलावा, नगर निगम ने सभी प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, वाहनों के पार्किंग क्षेत्र, मार्ग प्रकाश व्यवस्था, घाटों की सजावट, रंगाई-पुताई, साफ पेयजल की उपलब्धता, तथा शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमें लगातार क्षेत्रवार निगरानी कर रही हैं, ताकि छठ पूजा के दिन श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही, सफाई कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है और जल पुलिस व आपदा प्रबंधन दल को भी सतर्क मोड पर रखा गया है।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों की व्यवस्था समयबद्ध रूप से पूरी की जाए और छठ पर्व के दौरान सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ की छवि एक स्वच्छ और संस्कारी नगर के रूप में दिखाई देनी चाहिए, और इसके लिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी पूर्ण निष्ठा से निभानी होगी।










