
लखनऊ। अलीगंज के सेक्टर-के स्थित उस्मानपुर इलाके में शुक्रवार शाम एक तीन मंजिला अवैध गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह गोदाम फोटो फ्रेम बनाने का बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि पास के हॉस्टल में रहने वाली 15 लड़कियां फंस गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दस गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद सभी लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस हादसे में गोदाम में मौजूद एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि आग बुझाने के दौरान दो बार छज्जा गिरने से पांच दमकलकर्मी घायल हो गए। आग बुझाने का कार्य चार घंटे से अधिक समय तक चला। संकरी गलियों और ऊँची इमारत के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलें आईं।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक गोदाम से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि पास के हास्टल में अफरा-तफरी मच गई। हास्टल संचालक रवि ने मदद के लिए तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। थोड़ी देर में अलीगंज और निकटवर्ती फायर स्टेशनों से दस दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकल कर्मियों ने अलग-अलग टीम बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एक टीम ने हास्टल की ओर रुख किया और 15 लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता पाई। दूसरी टीम ने गोदाम के अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान एक मजदूर झुलस गया, जिसे अस्पताल भेजा गया।
आग पर काबू पाने के दौरान दो बार इमारत का छज्जा गिरा, जिससे पांच दमकलकर्मी घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अलीगंज के एसीपी रिषभ यादव ने बताया कि करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में गोदाम और हास्टल दोनों ही अवैध रूप से संचालित पाए गए हैं और अग्निशमन विभाग की सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था।
एसीपी ने आगे बताया कि इमारत के मालिक अमरजीत सिंह और हास्टल संचालक रवि के खिलाफ लापरवाही और अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई इमारतें इसी तरह गोदाम और हास्टल में तब्दील कर दी गई हैं, जिनमें सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं होता। उन्होंने प्रशासन से ऐसी इमारतों की तत्काल जांच कराने की मांग की है।
यह भी पढ़े : सीतापुर : नगर पालिका खैराबाद ने छेड़ा स्वच्छता अभियान, अधिशासी अधिकारी की पहल पर हुआ सघन फॉगिंग और दवा छिड़काव












