
गोपेश्वर (चमोली) : चमोली जिले के गोपेश्वर–पोखरी मोटर मार्ग पर गुरुवार, 23 अक्टूबर को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवखाल के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कार देवलखाल से पोखरी की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक मोड़ पर वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और कार गहरी खाई में गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गिरते ही कार में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
थाना चमोली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। भारी मशक्कत के बाद चारों लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान
- अरविंद त्रिपाठी
- अनीता त्रिपाठी (पत्नी अरविंद त्रिपाठी)
- अनंत स्वरूप त्रिपाठी (पुत्र अरविंद त्रिपाठी)
गंभीर रूप से घायल:
अंभुज त्रिपाठी (पुत्र अरविंद त्रिपाठी) को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच जारी
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।















