
Samajwadi Party Viral Video : हापुड़ में सोशल मीडिया पर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के वॉट्सएप ग्रुप ‘समाजवादी पार्टी परिवार’ में अश्लील वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया है और उन्होंने ग्रुप के एडमिन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सपा जिला संगठन ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं और ग्रुप एडमिन से रिपोर्ट मांगी है। इस पूरे विवाद को ‘सपा ब्लू फिल्म कांड’ के नाम से ट्रेंड किया जा रहा है।
क्या है मामला?
यह मामला ‘समाजवादी पार्टी परिवार’ नाम वाले ग्रुप का है, जिसमें सपा के जिला, नगर और ब्लाक स्तर के पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं। रात के समय, अचानक एक कार्यकर्ता के नंबर से अश्लील वीडियो और एक महिला की आवाज में आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप भेजी गई। इससे सभी सदस्य स्तब्ध रह गए। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और अन्य वॉट्सएप ग्रुप्स पर इसकी स्क्रीनशॉट्स फैलने लगे। मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने तुरंत इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह किसने भेजा?”, “तुरंत ग्रुप से हटा दो!” और “यह हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी!”। महिला कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की मर्यादा का उल्लंघन करार दिया और इसे ‘सपा की छवि को धूमिल करने की साजिश’ बताया। एडमिन से जवाब मांगा गया और जांच की गई। साइबर सेल को वीडियो भेजने वाले नंबर की भी जांच सौंपी गई है, जिसे फिलहाल ग्रुप से हटा दिया गया है।
सपा जिला संगठन ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रुप के एडमिन से रिपोर्ट मांगी है। वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि यह घटना पार्टी की छवि के लिए बड़ा धब्बा है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, पार्टी का यह ग्रुप आधिकारिक नहीं है, लेकिन ग्रुप के एडमिन पूर्व सपा जिलाध्यक्ष हैं, जिनसे जवाब तलब किया गया है। तीन दिनों में उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। साथ ही, पूरे मामले की जानकारी प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों को भी भेज दी गई है।
ग्रुप को किया गया अस्थायी रूप से बंद
घटना के बाद, ‘समाजवादी पार्टी परिवार’ ग्रुप को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सभी सदस्यों से सोशल मीडिया का संयम से इस्तेमाल करने और अफवाह न फैलाने की अपील की गई है। विपक्षी दलों ने भी इस कांड पर तंज कसना शुरू कर दिया है। वहीं, सपा कार्यकर्ता दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़े : महागठबंधन में अब सब ठीक! तेजस्वी यादव होंगे सीएम फेस; गहलोत के आते ही सुलझ गया मसला