
फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के बिरनई गांव निवासी रामखेलावन उम्र 60 वर्ष की बीते शनिवार को हृदय गति रुकने के कारण अचानक मौत हो गई थी जिनका अंतिम संस्कार परिजन महाराजपुर थाना क्षेत्र के गंगा घाट में करने गए थे।
वहीं विरनई गांव निवासी 22 वर्षीय अभिषेक पुत्र रामकिशोर विश्वकर्मा भी अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था। अंतिम संस्कार के बाद अभिषेक नहाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन कुछ ही देर में गहराई में समा गया।

परिजन और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घंटों तक नदी में तलाशी अभियान चलाया, मगर सफलता हाथ नहीं लगी। करीब 16 घंटे बीत जाने के बाद देर रात परिजन निराश होकर घर लौट आए।
रविवार सुबह फिर से पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सर्च अभियान दोबारा शुरू किया गया। युवक के घर में मातम पसरा है। मां वंदना और परिवार के अन्य सदस्य का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता रामकिशोर ने बताया कि “शनिवार से लगातार तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक बेटे का कुछ पता नहीं चला।” गांव में शोक की लहर है और लोग प्रशासन से रेस्क्यू तेज करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़े : Bihar Chunav : NDA को लगा बड़ा झटका! लोजपा प्रत्याशी सीमा सिंह का नामांकन रद्द, अब क्या करेंगे चिराग?