
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश कार्यालय में भारत रत्न मिसाइल मैन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम की जयंती सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में डॉ. कलाम के प्रेरणादायी जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान और युवाओं के लिए उनके सशक्त संदेशों को याद करने के साथ ही उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीकांत मिश्र ने कहा कि डॉ. कलाम केवल एक वैज्ञानिक या राष्ट्रपति नहीं थे बल्कि वे एक सच्चे कर्मयोगी, सादगी और समर्पण के प्रतीक थे। उन्होंने अपनी जीवन यात्रा से यह साबित किया कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखे जा सकते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर परिश्रम किया जा सकता है। आज जब देश को दिशा की आवश्यकता है तो हमें डॉ.कलाम के विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण में लगाना चाहिए।
मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि डॉ.ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जीवन भारतीय युवाओं के लिए एक आदर्श उदाहरण है। उन्होंने अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि शिक्षा, विज्ञान और ईमानदारी से देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। रालोद के कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करें। डॉ. कलाम हमेशा युवा भारत का सपना देखते थे जहां हर व्यक्ति अपने कर्तव्य के प्रति जागरूक हो और देशहित सर्वोपरि रखे।
यह भी पढ़ें : Banda : गिट्टी भरे ओवरलोड ट्रक से, कुचलकर छात्रा की दर्दनाक मौत