
देहरादून : प्रदेश सरकार ने दीपावली से पहले कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने 2.50 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए 58% की दर से महंगाई भत्ता (DA) जारी करने के आदेश दे दिए हैं। कर्मचारियों को एक जुलाई से 31 अक्टूबर तक का डीए नकद रूप में मिलेगा।
इसके साथ ही अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस का लाभ भी दिया जाएगा। इस संबंध में वित्त विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। केंद्र सरकार द्वारा डीए 55% से बढ़ाकर 58% किए जाने के बाद राज्य सरकार ने भी यह फैसला लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद कर्मचारियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हुआ। अपर सचिव वित्त डॉ. अहमद इकबाल ने बताया कि बोनस और डीए को लेकर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और दीपावली से पहले भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।