
- सपा कार्यालय की जमीन पर मालिकाना हक का दावा करने वाली महिला ने किया ऐलान
Fatehpur : फतेहपुर में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय की इमारत को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। शादीपुर स्थित सपा कार्यालय की जमीन पर उमा देवी नाम की महिला ने मालिकाना हक का दावा करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
उमा देवी ने बताया कि उनके ससुर ने वर्ष 1999 में मोहम्मद सलीम निवासी जोशियाना से 50×25 फीट की जमीन रजिस्ट्री कराकर खरीदी थी। पारिवारिक कारणों से वह कई वर्षों के लिए महाराष्ट्र चले गए थे। लौटने पर जब उन्होंने अपनी जमीन की खोज की तो पाया कि उस पर सपा कार्यालय का निर्माण हो गया है। पीड़ित महिला और उसके पति चंद्र प्रकाश दुबे ने नगर पालिका से दाखिल-खारिज के कागज और अन्य दस्तावेज दिखाते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय लेखपाल ने सपाइयों के दबाव में गलत रिपोर्ट लगाई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह सपा कार्यालय के अंदर आत्महत्या कर लेंगी। वहीं चंद्रप्रकाश दुबे ने बताया कि वह नहीं चाहते कि सपा कार्यालय की बिल्डिंग गिरे, बगल में एक प्लाट को अवैध तरीके से सपा के लोगों द्वारा कब्जा किया गया है या तो मेरे प्लाट के बदले में वह मिल जाए या मुझे उसका पैसा मिले।
वहीं इस मामले में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यह जमीन वर्ष 2000 में तत्कालीन जिला अध्यक्ष रामशरण यादव ने शिवनारायण मिश्रा पुत्र प्रतापनारायण मिश्रा से विधिवत खरीदी थी और निर्माण कार्य पूरी तरह वैध है। यादव ने कहा कि अगर किसी के पास अपने दावे के दस्तावेज हैं तो वह कोर्ट जाकर अपना पक्ष रखें।
फिलहाल इस विवाद ने जिले में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।
यह भी पढ़े : Fatehpur : बिंदकी क्षेत्र में बेखौफ चल रहा जुए का अड्डा! इंस्पेक्टर के कारखास सस्पेंड, फिर भी नहीं बंद हुए गलत काम