Mathura : धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने की प्रेमानंद महाराज से भेंट, की स्वास्थ्य लाभ की कामना

Vrindavan,Mathura : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। उनका यह दौरा किसी सार्वजनिक आयोजन के लिए नहीं, बल्कि प्रेमानंद महाराज से व्यक्तिगत मुलाकात के उद्देश्य से था। वे सीधे श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज के चरणों में नमन किया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें हफ्ते में पांच दिन डायलिसिस करानी पड़ रही है। इसके बावजूद वे अपनी दिनचर्या, सेवाकार्य और प्रवचनों में सक्रिय बने हुए हैं।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने महाराज से आत्मीय वार्ता कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने महाराज के सेवक दल से भी उनके उपचार और स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

जैसे ही यह समाचार फैला कि बागेश्वर धाम सरकार वृंदावन में हैं, बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम के बाहर एकत्र हो गए। धीरेंद्र शास्त्री ने अपने सरल स्वभाव में हाथ जोड़कर सभी भक्तों का अभिनंदन किया और उनके प्रेम के लिए आभार व्यक्त किया।

दोनों संतों की यह भेंट आध्यात्मिक जगत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें