
UP News : अंबेडकरनगर में भगवान श्रीराम पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले युवक विजय कुमार के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य को समाज को बांटने की साजिश बताया है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, विजय कुमार नामक युवक ने सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किया है। इस पोस्ट को लेकर क्षेत्र में भारी नाराजगी है। भाजपा के खजुरी मंडल अध्यक्ष रानेश पांडेय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने महरुआ थाने पहुंचकर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। मंडल उपाध्यक्ष कमलेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
भाजपाइयों ने इस घटना को सनातन धर्म और हिंदुओं के खिलाफ साजिश करार दिया है। मंडल अध्यक्ष रानेश पांडेय ने कहा, “यह कृत्य समाज को तोड़ने और धर्मान्धता फैलाने का प्रयास है। हम इस निंदनीय हरकत का कड़ा विरोध करते हैं और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग करते हैं।” साथ ही, मंडल महामंत्री ने कहा कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह आंदोलन भी करेंगे।
महरुआ थाने की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपित की तलाश में टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़े : देश छोड़कर भागे राष्ट्रपति! नेपाल के बाद मेडागास्कर में युवाओं ने किया तख्तापलट, सड़कों पर फूटा GEN-Z का गुस्सा