
Bahraich : नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को जागरूकता बैठक आयोजित की गई। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देने और इसके मिशन के प्रति छात्राओं व शिक्षकों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस क्षेत्राधिकारी मिहीपुरवा हर्षिता तिवारी के निर्देशन में यह बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता पर विस्तृत चर्चा की गई।
विद्यालय के शिक्षकों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी और उन्हें 1090, 1098, 1076, 181, 112 तथा साइबर संबंधित अपराध के 1930 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। साथ ही छात्राओं से अपील की गई कि वे अपने घर और मोहल्ले में अन्य महिलाओं को भी मिशन शक्ति अभियान के बारे में जागरूक करें।
बैठक में प्रधानाचार्य, शिक्षिकाएं, छात्राएं तथा अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की समान भागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम को कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय मौर्य सहित स्टाफ व क्षेत्रीय ग्रामीण गजराज साहनी, संतोष विश्वकर्मा, नंदकिशोर गुप्ता, डॉक्टर विजय मौर्य ने संबोधित किया। इस दौरान थाना मोतीपुर के मिशन शक्ति टीम के सदस्य उप निरीक्षक संजीत सिंह, उप निरीक्षक रोहित वर्मा, हेड कांस्टेबल शैलेश सिंह और कांस्टेबल महिला आरक्षी लवली अग्रहरि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।