Maharajganj : गाँव में चौपाल लगाकर पुलिस ने किया जागरूक

  • मिशन शक्ति के तहत निस्तारण का दिया आश्वासन

Parataval, Maharajganj : श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के महुअवा महुई गांव में रविवार को मिशन शक्ति फेज 5 के तहत बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस सम्मेलन में पुलिस ने बहुओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने गांव की महिलाओं और बहुओं को पारिवारिक विवादों, दहेज हत्या, यौन उत्पीड़न और अपहरण जैसे महिला संबंधी अपराधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्हें इन अपराधों से बचाव और उनसे निपटने के तरीकों के प्रति जागरूक किया गया। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को मुख्यमंत्री द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112, 181, 102, 108, 1098 और 1930 के बारे में बताया गया।

साथ ही, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूह और महिला समृद्धि योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। उपनिरीक्षक सारिका सिंह ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि बहुओं की समस्याओं को सामाजिक और कानूनी दोनों पहलुओं से हल करने का प्रयास किया जाएगा। ससुराल में प्रताड़ित बहुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मार्गदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक सारिका सिंह, कांस्टेबल राकेश यादव, महिला कांस्टेबल प्रतिमा सिंह, सोनी वर्मा, बीपीओ विमल यादव सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें