
- कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मोदी-योगी सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया
Banda : पड़ोसी जनपद फतेहपुर में दलित हरिओम वाल्मीकि की भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले को लेकर फतेहपुर जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने उनके घर पर ही नजरबंद रखा। बताया गया कि बीते दिन फतेहपुर निवासी दलित समुदाय के हरिओम वाल्मीकि की रायबरेली में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिससे प्रदेश में एक बार फिर सियासी उबाल आ गया और भाजपा की मोदी-योगी सरकार पर दलित विरोधी होने के आरोप लगे हैं।
शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित की अगुवाई में कांग्रेसियों का जत्था जैसे ही तिंदवारी रोड से फतेहपुर के लिए निकला, उनके घर के बाहर तैनात भारी पुलिसबल ने उन्हें रोक लिया और सभी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष के घर पर ही नजरबंद कर दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री दीक्षित ने बताया कि दलित समुदाय के हरिओम वाल्मीकि की हत्या के विरोध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत कई बड़े नेता फतेहपुर पहुंच रहे हैं। इसी सिलसिले में जिले से भी कांग्रेसियों का समूह वहां के लिए कूच कर रहा था।
श्री दीक्षित ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए मोदी-योगी सरकार को दलित विरोधी करार दिया। उन्होंने बताया कि फतेहपुर में पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने जा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य बड़े नेताओं को भी कानपुर में ही गिरफ्तार कर नजरबंद किया गया है। जानकारी मिलने के बाद कांग्रेसी आक्रोशित हैं।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान ने कहा कि देश और प्रदेश में दलितों के खिलाफ मुहिम सी चल रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई पर जूता फेंका जाना, हरियाणा के अपर पुलिस महानिदेशक की गोली मारकर आत्महत्या और फतेहपुर में दलित की पीट-पीटकर हत्या इसके जीते-जागते उदाहरण हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री दीक्षित के साथ पीसीसी मुमताज अली, आदिशक्ति दीक्षित, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष द्वारिकेश यादव मंडेला, संकटा प्रसाद त्रिपाठी, बल्देव वर्मा, डॉ. संजय द्विवेदी, शोएब रिजवी, आकाश दीक्षित, धीरेंद्र पांडेय धीरू, अशरफ उल्ला रंपा, इरफान खान, ईशू फैज खान समेत तमाम कांग्रेसी नजरबंद रहे।
उधर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अफसाना शाह की अगुवाई में फतेहपुर जा रहे कांग्रेसियों को तिंदवारी पुलिस ने गिरफ्तार कर थाने में बैठा रखा। कांग्रेसियों ने प्रदेश की योगी सरकार पर पुलिस के माध्यम से अत्याचार करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़े : भाजपा नेता के घर में दूसरी बार चोरी, लाखों के जेवरात लेकर फरार हुए चोर
83 के हुए महानायक अमिताभ बच्चन, ‘जलसा’ के बाहर फैंस का सैलाब