
Delhi : उत्तर जिला पुलिस ने जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से एक विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम “बीट कनेक्ट” का आयोजन किया। यह कार्यक्रम 8 अक्टूबर को शाम 4 बजे से 6 बजे तक पूरे उत्तर जिले के सभी पुलिस थानों के बीट क्षेत्रों में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत लगभग 150 स्थानों पर बैठकों का आयोजन किया गया, जिनमें 3000 से अधिक स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को अपनी शिकायतें, सुझाव और क्षेत्रीय समस्याएं साझा करने के लिए एक खुला मंच प्रदान किया गया।
उत्तर जिला के सभी पुलिस थानों और साइबर थाना के बीट एवं डिवीजन स्टाफ ने, संबंधित SHO और SDPO की निगरानी में, इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
मुख्य बिंदु:
लगभग 150 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया।
लगभग 750 पुलिसकर्मियों ने इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।
नागरिकों, आरडब्ल्यूए/एमडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, Eyes & Ears Scheme के सदस्य और स्थानीय व्यापारियों को भी आमंत्रित किया गया।
लोगों की शिकायतें व सुझाव सुने गए और जहां संभव हुआ, तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
सभी बीट क्षेत्रों की समस्याओं का विश्लेषण कर क्षेत्र-विशिष्ट समाधान तैयार किए जा रहे हैं।
यह पहल उन लोगों तक पहुँचने का प्रयास थी जो किसी कारणवश सीधे थाने नहीं पहुँच पाते। कार्यक्रम को स्थानीय नागरिकों द्वारा बेहद सराहा गया और इससे पुलिस व जनता के बीच विश्वास और संवाद का एक नया सेतु बना।
उत्तर जिला के डीसीपी राजा बंथिया ने बताया कि, “बीट कनेक्ट” का मुख्य उद्देश्य पुलिस और समुदाय के बीच भरोसा व सहयोग को बढ़ाना है। आने वाले समय में इस तरह के और भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।