
- हर्डल रेस के जरिये महिलाओं ने तोड़ी सामाजिक कुरीतियां
Lucknow : यूपी पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभियान मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिला पुलिस कर्मी महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखा रही हैं। इसके साथ ही प्रदेशव्यापी हर्डल रेस में पोस्टरों के जरिये सामाजिक कुरीतियों जैसे बाल विवाह,शिक्षा का अभाव,आत्मविश्वास की कमी,नेतृत्व के अवसरों की कमी,लैंगिक भेदभाव व महिलाओं के साथ उत्पीड़न बर्दाश्त न करने का हौसला भी मिशन शक्ति दे रही है।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्णा ने प्रदेश भर में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता,आत्मरक्षा प्रशिक्षण,हेल्प लाइन सेवाओं के प्रचार.प्रसार,बच्चियों,बालिकाओं के विरूद्ध अपराधों में संलिप्त अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश के साथ महिलाओं के साथ मिलकर उनकी समस्याओं को जानने व खेलकूद के माध्यम से समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिये हैं। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं फिटनेस जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दौड़ में महिला पुलिसकर्मी,अध्यापिकाएँ,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता,स्वास्थ्यकर्मी सहित समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर भाग लिया।
इस मौके पर कानपुर एसपी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रतिभागियों ने भारतीय परिधान में दौड़ लगाकर यह संदेश दिया कि फिटनेस के लिए किसी विशेष परिधान की आवश्यकता नहीं है संकल्प और उत्साह ही असली शक्ति है। मिशन शक्ति के अंतर्गत एक अनोखी हर्डल रेस बाधा दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ का उद्देश्य महिलाओं के सामने आने वाली सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें दूर करने के सामूहिक संकल्प को सशक्त बनाना था।
इस प्रतीकात्मक दौड़ में प्रतिभागियों को निम्नलिखित सामाजिक बाधाओं को पार करना था । प्रत्येक प्रतिभागी ने साहसपूर्वक इन बाधाओं को पार करते हुए फिनिश लाइन तक पहुँच बनाई,यह उस हर महिला की यात्रा का प्रतीक है जो सामाजिक कुरीतियों से संघर्ष करते हुए आत्मनिर्भर भारत की आत्मनिर्भर नारी बनकर उभरती है।