
- “वोकल फॉर लोकल से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा” – विवेकानन्द मिश्र
Basti : भारतीय जनता पार्टी बस्ती जिले द्वारा गुरुवार को भाजपा कार्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने 25 सितम्बर से 25 दिसम्बर 2025 तक चलने वाले “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करना है। अभियान का फोकस सामाजिक-आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्थानीय उद्योगों को सशक्त करना और नागरिक सहभागिता बढ़ाना रहेगा।
जिलाध्यक्ष श्री मिश्र ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—जिनमें प्रोफेशनल सम्मेलन, कॉलेज स्तरीय स्वदेशी संकल्प सेमिनार, जिला स्तरीय स्वदेशी मेला, महिला एवं युवा सम्मेलन, स्थानीय कारीगर सम्मेलन तथा आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा शामिल हैं।
अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भरता के संकल्प से जोड़ना और ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, स्ट्रीट वेंडरों, लघु उद्योगों और स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हुआ था। इसके लिए प्रदेश, जिलों और मंडलों में अभियान समितियों का गठन किया गया है। वर्तमान में बूथ स्तर पर ‘स्वदेशी संकल्प अभियान’ और संकल्प-पत्र भरवाने का कार्य प्रगति पर है। आगामी कार्यक्रमों में वक्ता कार्यशाला का आयोजन भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को “आत्मनिर्भर भारत यूथ एम्बेसडर” बनाकर स्वदेशी उत्पादों के प्रचार से जोड़ा जाएगा। सरकारी योजनाओं जैसे मुद्रा, उज्ज्वला, स्टार्टअप इंडिया, कौशल विकास आदि की जानकारी देकर महिलाओं और युवाओं को सीधा लाभ पहुँचाया जाएगा।“आत्मनिर्भर भारत संकल्प सिग्नेचर वॉल” पर नागरिकों से ‘मैं केवल स्वदेशी अपनाऊँगा’ लिखवाकर हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। स्थानीय व्यापारियों से “केवल स्वदेशी” उत्पाद बेचने का संकल्प पत्र भरवाया जाएगा और उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कॉलेजों में “स्वदेशी बनाम विदेशी” जैसे विषयों पर वाद-विवाद, निबंध, रील एवं ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 से 15 अक्टूबर तक जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अभियान को मीडिया में लॉन्च किया जाएगा। 9 से 18 अक्टूबर तक सभी प्रशासनिक जिलों में स्वदेशी मेला, आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा, पदयात्रा और घर-घर स्टिकर वितरण का आयोजन होगा।
16 से 30 अक्टूबर तक महिला एवं युवा सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय समूहों को जोड़कर सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं का प्रसार किया जाएगा। 1 से 15 नवंबर तक व्यापारी, लघु उद्योगी एवं प्रोफेशनल सम्मेलन होंगे, जो छोटे व्यवसायों और उद्योगों को प्रोत्साहन देंगे। इसके अतिरिक्त, 1 से 30 नवंबर तक युवाओं को रचनात्मक सहभागिता के लिए प्रेरित करने हेतु स्वदेशी रील्स प्रतियोगिता और स्वदेशी भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
अंत में श्री मिश्र ने कहा कि “यह अभियान केवल सरकार का नहीं, बल्कि जन-जन का अभियान है। यदि हम सब ‘वोकल फॉर लोकल’ को जीवन का हिस्सा बना लें, तो 2047 तक विकसित भारत का सपना अवश्य साकार होगा।” इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष भानु प्रकाश मिश्र और अमृत वर्मा, दिव्यांशु दुबे भी उपस्थित रहे।