
देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें इंफेक्शन के कारण मणिपाल अस्पताल, ओल्ड एयरपोर्ट रोड, में भर्ती कराया गया है। अस्पताल ने जारी बुलेटिन में बताया कि उनका चिकित्सा प्रबंधन जारी है और विशेषज्ञों की टीम उनकी प्रगति पर नजर रख रही है।
एचडी देवेगौड़ा ने 1 जून 1996 से 21 अप्रैल 1997 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। इसके पहले वह 1994 से 1996 तक कर्नाटक के 14वें मुख्यमंत्री भी रहे। वर्तमान में वह जनता दल (सेक्युलर) पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
92 साल के देवेगौड़ा का जन्म 18 मई 1933 को हुआ था। उनके समर्थक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने आर्थिक सुधारों, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने 1996-97 का सपनों का बजट पेश किया, जिसमें किसानों और ग्रामीण इलाकों के लिए कई योजनाएं शामिल थीं।
एचडी देवेगौड़ा को उनकी सादगी, किसान हितों के प्रति समर्पण और क्षेत्रीय राजनीति में गहरी पकड़ के लिए जाना जाता है। उनके बेटे एचडी कुमारस्वामी भी कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं।