Lucknow : मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को ब्रेन हैमरेज, एक्स पर बोले…मैं पूर्णतः स्वस्थ हूं, घर वाले बोले…दो माह से राजनीतिक तनाव में हैं

Lucknow : उत्तर प्रदेश सरकार में उद्यान, कृषि विपणन एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह को ब्रेन हेमरेज हुआ है, जिससे उनके एक हाथ और एक पैर में चोट लगी है। उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को तीन दिन पहले मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने एमआरआई कराई और ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की। परिवार के सदस्यों के अनुसार, मानसिक तनाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह पिछले दो महीनों से राजनीतिक तनाव में हैं। हाल ही में कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे, और भाजपा विधायक अदिति सिंह ने भी उन्हें घेरा था। इसके अलावा, राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के दौरान मंत्री दिनेश सिंह ने अपने समर्थकों के साथ राहुल गांधी के रास्ते में धरने पर बैठ गए और ‘राहुल वापस जाओ’ के नारे लगाए थे।

स्वास्थ्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि वह पूर्णतः स्वस्थ हैं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उन्हें थोड़ा सा उपचार आवश्यक था, जो यशस्वी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की देखरेख में चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार में पार्टी की सरकार बनाने में अपना तन, मन और धन से योगदान दूंगा। आप सब साक्षी हैं कि कितने अभाव और विपत्तियों को मैंने साहस, धैर्य और विनम्रता से झेलकर यहां तक पहुंचा हूं। आपकी दुआओं से ही यह संभव हुआ है। ये छोटी-मोटी बाधाएं मेरी खुराक नहीं, बल्कि मेरे लिए नाश्ते के समान हैं।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी और 2018 में भाजपा में शामिल हो गए थे। 2019 में भाजपा ने उन्हें सोनिया गांधी के खिलाफ मैदान में उतारा था।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें