
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगर निगम ने सोमवार को सहारा सिटी को सील कर दिया। इस दौरान नगर निगम के कर्मचारियों ने विरोध जताया और कहा कि पहले अंदर रहने वाले लोगों को बाहर निकाला जाए, फिर कार्रवाई की जाए। अभी भी कई परिवार भवन के अंदर हैं, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
नगर निगम प्रशासन ने सहारा सिटी को सील करने के लिए भारी पुलिस बल के साथ कार्रवाई की और इसे अपने कब्जे में ले लिया। इससे पहले भी नगर निगम ने सहारा सिटी को लेकर नोटिस जारी किया था।
बता दें कि नगर निगम की टीम 1 अक्टूबर को भी सीलिंग के लिए पहुंची थी। उस समय सहारा के प्रतिनिधि मौके पर आए और तीन दिन का अतिरिक्त समय मांगने की अपील की। नगर निगम ने इसे मंजूरी देते हुए समय दे दिया था। सोमवार को सुब्रतो राय की हवेली, यानी सहारा इंडिया परिवार का घर, नगर निगम द्वारा सील किया गया।
सुब्रतो राय की यह हवेली 130 एकड़ में फैली हुई है। इसमें उनकी पत्नी सपना रॉय निवास करती थीं, लेकिन कुछ समय पहले वह यहां से चली गईं। नगर निगम ने यह प्रॉपर्टी सहारा इंडिया परिवार को 40 एकड़ भूमि ग्रीन बेल्ट और शेष भूमि आवासीय कॉलोनी विकास के लिए दी थी। हालांकि, सहारा ने इसे डेवलप नहीं किया और आलीशान कोठी बना ली।
इस मामले में नगर निगम ने 1997 में लीड डीड रद्द कर दी थी। मामला कोर्ट में चला गया था, और सोमवार को नगर निगम ने अंतिम कार्रवाई करते हुए हवेली सील कर दी।