

पश्चिम बंगाल में तेज बारिश के बाद शनिवार रात दार्जिलिंग में 7 जगह लैंडस्लाइड हो गई। मिरिक-सुखियापोखरी रोड के किनारे ढलान पर पहाड़ी का हिस्सा ढह गया। हादसे में कई घर टूट गए। अब तक 20 लोगों की मौत हुई है।
लैंडस्लाइड के बाद रोड पर मलबा आने से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। वाहनों की आवाजाही और आसपास के कई इलाकों में कम्युनिकेशन टूट गया है। उधर मिरिक में एक लोहे का पुल भी टूट गया है।
भारी बारिश के कारण तीस्ता नदी उफान पर है। तीस्ता बाजार के पास बलुखोला में पानी भर जाने से सिलिगुड़ी को सिक्किम और कालिम्पोंग से जोड़ने वाला हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। दार्जिलिंग शहर का भी कई हिस्सों से संपर्क टूट गया है।
घटनास्थल का दौरा करेंगी ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतकों के लिए मुआवजे का एलान किया लेकिन राशि और संख्या नहीं बताई। उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर को उत्तर बंगाल का दौरा करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मौतों पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
दार्जिलिंग, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए दार्जिलिंग, कूचबिहार और अलीपुरद्वार के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 10-20 सेमी तक बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर बंगाल के अधिकांश इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दार्जिलिंग हादसे की 12 तस्वीरें…

तेज बारिश के कारण आए लैंडस्लाइड से बालासन पुल का एक हिस्सा ढह गया।

पुल टूटने के बाद लोगों को बचाव दल ने सुरक्षित निकाला।

लैंडस्लाइड के बाद सड़क का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

लैंडस्लाइड के बाद फंसे लोगों को बचाव दल ने निकाला।

तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ने से सिलीगुड़ी से सिक्किम जाने वाला नेशनल हाईवे 10 पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

मिरिक से सुखियापोखरी जाने वाली रोड भी धंस गई है।

दार्जिलिंग में तेज बारिश के बाद पहाड़ से गिरा मलबा सड़क पर आ गया।

पुल के टूटने से हादसा हुआ, पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

दार्जिलिंग में लैंडस्लाइड के बाद आसपास के बाजार में मलबा आ गया। कई गाड़ियां भी दब गईं।

रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से शवों को बाहर निकाला।

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भी पानी के बहाव से सड़क का एक हिस्सा बह गया।
दार्जिलिंग लैंडस्लाइड पर रिएक्शन
- पीएम मोदी ने X पर लिखा- दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और लैंडस्लाइड पर अधिकारी कड़ी नजर रख रहे हैं। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में लैंडस्लाइड के कारण हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।
- संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा- बारिश और लैंडस्लाइड से कई की मृत्यु और लापता होने की खबर दुखद है। उम्मीद है कि लापता लोग जल्द सुरक्षित मिलें। केंद्र सरकार प्रभावितों की पूरी मदद करे। कांग्रेस कार्यकर्ता भी प्रशासन की मदद करें।
अरब सागर में साइक्लोन शक्ति, महाराष्ट्र-गुजरात में अलर्ट अरब सागर में उठा पहला चक्रवात शक्ति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि यह तूफान गुजरात के द्वारका से 420 किमी दूर समुद्र में एक्टिव है। इसकी वजह से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
अगले 24 घंटे में यह पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ेगा और अरब सागर के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों तक पहुंचेगा। सोमवार से पूर्वोत्तर की ओर जाने और कमजोर पड़ने की संभावना है।
तूफान के असर से गुजरात, उत्तर महाराष्ट्र में समुद्र उफान पर है। महाराष्ट्र में भी तूफान शक्ति का असर दिखने लगा है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए चक्रवात की चेतावनी जारी की गई है। 7 अक्टूबर तक उत्तरी कोंकण के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी भारी बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र में अधिकारियों को नागरिकों की सुरक्षा का निर्देश
IMD ने महाराष्ट्र के कई जिलों में 7 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। गोवा के निचले इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने साइक्लोन शक्ति को लेकर अधिकारियों के लिए निर्देश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन को डिजास्टर मैनेजमेंट सिस्टम एक्टिव करने, तटीय और निचले इलाकों में नागरिकों को निकालने की प्लानिंग और उनके लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। मछुआरों को 7 अक्टूबर तक गुजरात और महाराष्ट्र में तटों पर अरब सागर में नहीं जाने की चेतावनी है।
हिमाचल में अटल टनल के पास बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में अटल टनल और आसपास के क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई। इससे क्षेत्र की पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। मौसम विभाग ने क्षेत्र में बारिश और बर्फ गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया था।
राज्यों में मौसम का हाल…
MP से 10 अक्टूबर तक विदा होगा मानसून: अगले 3 दिन तक बूंदाबांदी

मध्य प्रदेश के 12 जिलों से मानसून विदा हो चुका है। बाकी के जिलों से 10 अक्टूबर तक मानसून के लौटने की संभावना है। इससे पहले कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर बना रहेगा। अगले 3 दिन बूंदाबांदी होने का अनुमान है। एक सिस्टम स्ट्रॉन्ग रहा तो तेज बारिश के आसार भी हैं।
राजस्थान में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट: जयपुर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान में आज (रविवार) से तेज बारिश का दौर शुरू होगा। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के साथ ओले गिरने और तेज आंधी चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
बिहार के 10 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट: बिजली गिरने से प्रदेश में 16 की मौत
बिहार के 10 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे तक बहुत भारी बारिश की संभावना है। जबकि पटना समेत 5 जिलों में हेवी रेन का ऑरेंज अलर्ट है। बाकी के 23 जिलों में यलो अलर्ट है। बिहार में लगातार 3 दिनों से हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं।
यूपी के 27 जिलों में अलर्ट, कल से ओले गिर सकते हैं: चंदौली-मिर्जापुर में बांध ओवरफ्लो
यूपी में लौटता मानसून जमकर बरस रहा है। 1 से 4 अक्टूबर तक यूपी में 28.6 मिमी बारिश हुई। आज 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 5 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा। जिसके चलते 6 और 7 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
हरियाणा में आज से 3 दिन फिर बारिश; 8 अक्टूबर के बाद गिरेगा तापमान

हरियाणा सहित पूरे उत्तर भारत में आज (रविवार) से पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इससे 7 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश देखने को मिलेगी। 5 और 6 अक्टूबर को पूरे हरियाणा और 7 अक्टूबर को अधिकांश जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं 8 अक्टूबर से हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिम हो जाएगी। जिसके बाद तापमान में गिरावट आएगी।
पंजाब के 4 जिलों में बारिश, 14 में चेतावनी; रावी, ब्यास, सतलुज से सटे 13 जिलों में अलर्ट

पंजाब में 5 अक्टूबर को सुबह-सुबह अमृतसर, जालंधर, फरीदकोट और मोहाली में बारिश हुई। वहीं, राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही अगले 3 दिन बाढ़ का खतरा बना रहेगा। रावी, ब्यास और सतलुज से सटे 13 जिलों में भी प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। तेज बारिश और डैमों से पानी छोड़ने की सूरत में यहां बाढ़ की संभावना है।