
धर्मशाला। हिमाचल में रविवार को बदले मौसम के मिजाज के बीच धर्मशाला की धौलाधार की ऊंची चोटियों पर शरद ऋतु की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। हिमपात के बाद पहाड़ों पर सफेद चादर बिछ गई है, जिससे निचले इलाकों में ठंडक बढ़ गई है और तापमान में गिरावट आई है।
सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलने लगी हैं, जिसके चलते लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से पूरे धर्मशाला क्षेत्र में शीतलहर का अनुभव हो रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह अक्टूबर में हुई सीजन की पहली हल्की बर्फबारी है, जो शरद ऋतु के आगमन का संकेत है। धौलाधार की बर्फीली चोटियां और बादलों से ढकी वादियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। स्थानीय होटलों और कैफे में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। धौलाधार की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात जारी रहने की संभावना है।