
Ghazipur : कुर्था गांव के सामने गंगा में शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। रोज की तरह नाव से मछली पकड़ने गए 10 मछुआरों के ऊपर अचानक मौसम का कहर टूट पड़ा। तेज हवा, बारिश और गरजते बादलों के बीच आकाशीय बिजली नाव पर गिर गई। इस घटना में एक मछुआरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
मृतक की पहचान नोनहरा थाना के गठिया निवासी त्रिलोकीनाथ बिंद के रूप में हुई। घायलों में सुनील निषाद, कपिल निषाद, घुरहू निषाद और राजेश चौधरी शामिल हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गंगा के उस पार रेत पर नाव से मछली मारने गए छह मछुआरे जाल डाल रहे थे, जबकि चार मछुआरे नाव पर ही सवार थे। इसी दौरान अचानक तेज हवा और बारिश शुरू हो गई। तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली नाव पर गिरते ही नाव फट गई। बिजली की चपेट में आने से कई लोग गंगा में गिरते-गिरते बचे। इस घटना में त्रिलोकीनाथ बिंद की मौत हो गई, जबकि चार मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले गए। निषाद पार्टी के जिला संयोजक मिश्रीलाल निषाद ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गंगा पार रोजाना बड़ी संख्या में निषाद समुदाय के लोग मछली पकड़ने जाते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। उन्होंने सरकार से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़े : मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग विश्व चैंपियनशिप 2025 में जीता रजत पदक
‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ फिल्म की पहले दिन की कमाई आई सामने