
Delhi Encounter : दिल्ली के जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर बृहस्पतिवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं।
ताजा जानकारी के अनुसार, दोनों की पहचान कर ली गई है। एक हरियाणा के पानीपत का निवासी राहुल और दूसरी भिवानी का साहिल है। घायल राहुल दिसंबर 2024 में हरियाणा के यमुनानगर में हुए तिहरे हत्याकांड में शामिल था, और अभी तक उसकी पहचान न हो पाने के कारण वह फरार था।
ये दोनों अपराधी पिछले कुछ दिनों से गैंगस्टर रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़, वीरेंद्र चारण के इशारों पर काम कर रहे थे। वे सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की हत्या का प्रयास कर रहे थे और मुंबई व बेंगलुरु में अपने टारगेट की रेकी भी कर चुके थे।
पुलिस ने इन दोनों को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार के दौरान उनके पास से हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। मामले की जांच जारी है।
दिल्ली में गैंगस्टरों के आतंक को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस मकोका यूनिट बनाने पर विचार कर रही है। राजधानी में बढ़ रहे गैंगस्टर तत्वों ने व्यापारियों का जीवन मुश्किल कर दिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के करीब 100 से अधिक गैंगस्टर दिल्ली को अपना निशाना बना रहे हैं।
कई गैंगस्टर देश छोड़कर विदेशों में अपने ठिकाने बना चुके हैं, जबकि अधिकतर दिल्ली व आसपास के राज्यों की जेलों में बंद हैं। इन सबके बावजूद, वे छोटे बदमाशों के जरिए रंगदारी रैकेट चलाते रहते हैं।
यह भी पढ़े : 2 October 1869 : महात्मा गांधीजी से प्रभावित थीं महिलाएं, आजादी के लिए उतारकर दे दिए थे जेवर