
- मिशन शक्ति अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए महिला उपनिरीक्षक अपूर्वा शर्मा सम्मानित
Gola Gokarnanath, Lakhimpur : महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत जनपद खीरी में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट भूमिका निभाने के लिए महिला उपनिरीक्षक अपूर्वा शर्मा, थाना गोला को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
30 सितंबर 2025 को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी महोदया एवं पुलिस अधीक्षक महोदय ने मिशन शक्ति अभियान में विशेष रुचि एवं समर्पण भाव से कार्य करने के लिए श्रीमती शर्मा की सराहना की। उन्होंने कहा कि, अपूर्वा शर्मा जैसी महिला अधिकारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा हैं, जो न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि नारी सुरक्षा व जागरूकता में भी प्रभावशाली योगदान दे रही हैं।
महिला उपनिरीक्षक अपूर्वा शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा, “मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह महिलाओं के आत्मबल और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक क्रांति है।” उन्होंने जनपद की बालिकाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर अभियान चलाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
कार्यक्रम में जनपद के अनेक प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षिकाएं, छात्राएं व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा संबंधित कई जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें आत्मरक्षा प्रशिक्षण, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी एवं महिला कानूनों पर चर्चा प्रमुख रहीं।
ये भी पढ़ें: सोनम कपूर फिर बनेंगी मां: घर में आएगा नया मेहमान!