
Jaunpur : गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमूछ गांव में एक अजीबोगरीब घटना उस वक्त सामने आई, जब एक 75 वर्षीय बुजुर्ग ने 40 वर्षीय विधवा महिला से शादी रचाई और सुहागरात के अगले दिन सुबह उनकी तबीयत खराब होने पर चिकित्सक के पास ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
कुछमूछ गांव निवासी संगरू 75 की पत्नी अनारी 65 की एक साल पूर्व मौत हो गई थी। पति-पत्नी के कोई संतान नहीं थी। कुछ रिश्तेदारों की सलाह पर जनपद जौनपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बैजा रामपुर निवासी मनभावती 40 से संगरू ने विवाह करने का निर्णय लिया। मनभावती के पति की 7 साल पूर्व मौत हो चुकी थी और उसके पहले पति से उसकी दो संतानें काजल अंजलि पुत्री और शिवा पुत्र है।
सोमवार को नवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए शादी का कार्यक्रम तय किया गया। मंदिर में रिश्तेदारों की उपस्थिति में संगरू ने मनभावती से विवाह किया और अपने जीवन संगिनी के रूप में स्वीकार किया, तथा उनकी पुत्री और पुत्र सहित अपने घर कुछमूछ ले आए। रात को पति-पत्नी ने एक ही कमरे में विश्राम किया।
मंगलवार की सुबह अचानक संगरू की तबीयत बिगड़ गई। आस-पड़ोस के लोगों ने उन्हें जौनपुर के उजाला हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की चर्चा क्षेत्र में जोर-शोर से हो रही है।
इस संदर्भ में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि फिलहाल गौराबादशाहपुर थाने पर ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं दी गई है। यदि कोई तहरीर प्राप्त होती है, तो उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी। समाचार संप्रेषण तक संगरू का शव घर पर रखा हुआ था और मुखाग्नि देने के लिए मुम्बई से भतीजे के आने का इंतजार किया जा रहा था।
ये भी पढ़ें: Jhansi : ऑपरेशन कन्विक्शन की उल्लेखनीय सफलता 27 माह में 1401 अभियुक्तों को सजा
Sultanpur : जिहादी साजिश रचते पकड़ा गया अकमल, एटीएस ने किया गिरफ्तार