आई लव स्वदेशी : घर-घर पहुंच कर संकल्प दिलाएगी भाजपा…स्वदेशी के प्रति भरेगी प्रेम

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने अभियान का किया शुभारंभ, गर्व से कहो स्वदेशी के स्टिकर बांटे जाएंगे…तीन माह का लंबा अभियान

लखनऊ। स्वतंत्रता की लड़ाई में कभी स्वदेशी का नारा दिया गया था। विदेशी कपड़ों की होली जलाई गई थी। खैर आजादी के 78 साल बाद वैश्विक दुनिया में विदेशी उत्पादों को जलाना तो ठीक नहीं है..बहिष्कार भी ठीक नहीं। लेकिन अपनी धरती, अपनी मिट्टी और अपने लोगों के हाथ से बनी वस्तुओं की खरीदारी की बात ही कुछ और होती है..भले ही कुछ महंगी हो। कुछ इसी का ध्यान रखते हुए भाजपा ने स्वदेशी अभियान को गति देने और इसके प्रति प्रेम भरने का अभियान चलाने की तैयारी की है। अब हम कह सकते हैं ‘आई लव स्वदेशी’।


सोमवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने प्रेस वार्ता कर ‘स्वदेशी’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत दुकानों में ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ लगाये जाएंगे और बांटे जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से शुरू होकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक चलेगा।


भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि इस अभियान के जरिए पार्टी विदेशी निर्भरता कम कर स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देगी। यह अभियान किसी का बहिष्कार नहीं है, केवल स्वदेशी को आगे बढ़ाने के लिए है। इसके मूल में किसान, नारी शक्ति व युवा हैं। वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के मूल में भी स्वदेशी है।


उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल नीति नहीं, 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और संकल्प है। कोरोना संकट से लेकर आज तक भारत ने दिखा दिया है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी आत्मनिर्भरता ही राष्ट्र की शक्ति बनती है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का मंत्र नया नहीं है। 1905 में बंगाल विभाजन के विरोध में और आजादी की लड़ाई के दौरान भी स्वदेशी आंदोलन आधार बना था। ‘वोकल फार लोकल‘ मंत्र के कारण आज कई क्षेत्रों में प्रगति हुई है।


अभियान के तहत पूरे प्रदेश में सम्मेलनों का आयोजन होगा। एक हजार से अधिक स्वदेशी मेले लगाए जायेंगे। 500 से अधिक रथ और पदयात्राएं निकाली जाएगी। घर-घर जाकर स्वदेशी के स्टिकर लगाकर लोगों से स्वदेशी वस्तुएं खरीदने का संकल्प पत्र भरवाया जाएगा। युवा सम्मेलन, महिला सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन, कालेजों में कार्यक्रम, क्विज, निबंध प्रतियोगिताएं और हस्तशिल्प प्रदर्शनी लगाई जाएगी।


भाजपा अध्यक्ष ने बरेली प्रकरण में लव मोहम्मद प्रकरण पर कहा कि पुरानी सरकारें तो दंगाइयों के साथ खड़ी रहती थीं। आतंकियों के मुकदमे तक वापस लिए गए। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में भाजपा सरकार अराजकता फैलाने वाले व गैरकानूनी तरीके से भीड़ एकत्र करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। हमें स्वदेशी को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें