Lakhimpur Kheri : पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए

Gola Gokarnanath, Lakhimpur Kheri : स्थानीय श्री राजेन्द्र गिरि मेमोरियल अकादमी में महिला सशक्तिकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर, निर्भीक और सजग बनाना रहा। ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके, सुरक्षा उपायों तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने आगंतुक अतिथियों का तिलक कर पुष्पों से स्वागत किया। दीप प्रज्वलन एडीशनल एसपी अमित कुमार राय, सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी, गोला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अम्बर सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर संतोष कुमार, महिला थाना इंचार्ज अपूर्वा, विद्यालय निदेशक मोहित पुरी एवं प्रधानाचार्य आलोक कुमार मिश्र द्वारा सामूहिक रूप से किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीशनल एसपी अमित कुमार राय ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर छात्राएं 1090, 112, 181, 1098 जैसे नंबरों पर संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे इन जानकारियों को अपने घर-परिवार और आसपास की महिलाओं तक भी पहुंचाएं।

महिला थाना इंचार्ज अपूर्वा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक टिप्स देते हुए बताया कि संकट के समय घबराने की बजाय सतर्क और सजग रहना आवश्यक है। उन्होंने ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ की पहचान करने की जानकारी भी दी, जिससे छात्राएं किसी भी अनहोनी स्थिति से स्वयं को बचा सकें।

कार्यक्रम में सीओ रमेश कुमार तिवारी एवं अन्य अधिकारियों ने भी ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन’ पर प्रेरक विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज की बालिका कल की सशक्त महिला है, और समाज में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना समय की आवश्यकता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक कुमार मिश्र ने कहा कि छात्राओं को दिए गए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करना चाहिए। उन्होंने समस्त आगंतुक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान निदेशक मोहित पुरी ने मुख्य अतिथि एडीशनल एसपी अमित कुमार राय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका हेलीना ने किया, जबकि विद्यालय की उपप्रधानाचार्या साफिया खान सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें: सरकार ने एससी मुर्मू को आरबीआई का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया

Kasganj : दीवार में नकब लगाकर चोर ले उड़े लाखों के जेवरात, पुलिस जांच में जुटी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें