
New Delhi : महाराष्ट्र के मराठावाड़ विभाग के संभाजीनगर में पिछले दो दिनों से बाढ़ का कहर बरकरार है। भिवगांव, नारायणगांव समेत 12 गाँव बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं, जिससे फसलों और करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सोमवार को सुबह तक जिला प्रशासन की टीम ने करीब चार सौ परिवारों को सुरक्षित स्थल पर स्थानांरित किया है। जिले के संरक्षक मंत्री संजय सिरसाट ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है।
संरक्षक मंत्री संजय सिरसाट और विधायक रमेश बोरनारे ने आज बाढग़्रस्त वैजापुर भिवगांव, नारायणगांव आदि गांवों का नाव से दौरा किया। इसके बाद संजय सिरसाट ने पत्रकारों को बताया कि जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ से घिरे गांवों में शासकीय मदद पहुंचाया जा रहा है। बाढ़ की वजह से लोगों के घर में जीवनावश्यक वस्तुएं नष्ट हो गई हैं। इसलिए सरकार की ओर से जीवनावश्यक वस्तुएं प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को तत्काल रेस्क्यू किए जाने के लिए हेलीकाप्टर की व्यवस्था की जा रही है। सिरसाट ने कहा कि मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए मदद का निर्णय लिया जाएगा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार संभाजीनगर में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से शहर में कई घर बह गए हैं और किसानों के जानवर भी बह गए हैं। इसके साथ ही भारी बारिश की वजह से नारंगी बांध से 1600 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है और पानी के बहाव में और वृद्धि होने की संभावना है। अब तक शहर और तालुका के लगभग 400 परिवारों को स्थानांतरित किया जा चुका है।
उप-विभागीय अधिकारी डॉ. अरुण जरहाद लगातार स्थिति पर नजऱ रख रहे हैं और तहसीलदार सुनील सावंत नदी के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रहे हैं। वैजापुर-विरगाँव पुलिस गश्ती दल और वैजापुर नगर पालिका के कर्मचारी भी सतर्क हैं और नागरिकों को लगातार जानकारी और राहत कार्य किया जा रहा है।