
दिल्ली पुलिस ने छात्राओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के आरोपों में घिरे प्रबंधन संस्थान के मैनेजर चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी को देर रात ताजगंज क्षेत्र के होटल से गिरफ्तार कर लिया है। वह शनिवार से ही होटल में रुका हुआ था।
आगरा में बुधवार को उसकी लोकेशन मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई। इसी के चलते शनिवार रात तीन बजे दिल्ली क्राइम ब्रांच के अधिकारी ताजगंज के होटल फर्स्ट पहुंचे।
होटल के कर्मचारी भरत ने बताया कि सादा कपड़ों में आए अधिकारी रजिस्टर की एंट्री देखने के बाद कमरे नंबर 101 में रुके स्वामी पार्थसारथी से मिले। करीब 15 मिनट तक पूछताछ करने के बाद उसे अपने साथ ले गए।
पीड़ित छात्राओं ने आरोप लगाया है कि चैतन्यानंद सरस्वती ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की हैं। इस संबंध में संस्थान प्रबंधन ने 4 अगस्त को थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
स्वामी पार्थसारथी के नाम से होटल रजिस्टर में एंट्री थी। वह शनिवार शाम चार बजे होटल पहुंचा था और रात को रेस्टोरेंट से खाना मंगाया। होटल के कर्मचारियों को उसके कृत्यों की कोई जानकारी नहीं थी।
आगरा पुलिस ने इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि उन्हें दिल्ली पुलिस से इस मामले में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
यह मामला छात्राओं के साथ हुई घटनाओं और संबंधित आरोपों की जांच में नए मोड़ पर पहुंच गया है।
यह भी पढ़े : India vs Pakistan Asia Cup Final : यहां फ्री में देख सकते हैं भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबला