
Bahraich : तहसील मिहीपुरवा क्षेत्र में नारी सशक्तिकरण के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जा रही है।
सर्वोदय इंटर कॉलेज, नव युग इंटर कॉलेज, एसपीवीपी कॉलेज सहित क्षेत्र के अन्य इंटर कॉलेजों और दुर्गा पूजा पंडालों में पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षिता तिवारी, उपनिरीक्षक रोहित वर्मा, हेड कांस्टेबल शैलेश कुमार सिंह और महिला सिपाही कोमल गुप्ता ने छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करना चाहिए। इसके लिए 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता), 102 और 108 जैसे नंबर उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में छात्राओं को सोशल मीडिया पर सतर्क रहने, अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सीखने की भी सलाह दी गई। पुलिस टीम ने कहा कि छात्राओं को किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या उत्पीड़न की घटना पर चुप न रहकर आवाज उठानी चाहिए।
छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज में अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं। इस दौरान नव युग इंटर कॉलेज के प्राचार्य सुभाष चंद्र, सर्वोदय इंटर कॉलेज के प्राचार्य मनोज यादव, एसपीवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक अनिल कुशवाहा एवं दुर्गेश कुशवाहा सहित सभी कॉलेजों के शिक्षक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
नारी सशक्तिकरण जागरूकता अभियान कार्यक्रम सीओ सर्किल के सभी थानों में इंटर कॉलेजों और पूजा पंडालों में पुलिस एवं महिला सिपाहियों द्वारा लगातार जारी है।
ये भी पढ़ें: Jhansi : एसडीएम और सीओ ने खाद वितरण केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों को दी नैनो डीएपी की जानकारी
लद्दाख हिंसा : राशन और जरूरी सामान की किल्लत के बीच प्रशासन ने राहत के कदम तेज किए










