
Ghaziabad : मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने वीडियो जारी करते हुए पड़ोस की ही रहने वाली आधा दर्जन से अधिक महिलाओं और एक युवक पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगाया। इस मामले में महिला की आत्महत्या का मामला सामने आया।
पुलिस को महिला का शव बीते बुधवार को करीब रात्रि 12 बजे उसके फ्लैट के कमरे से बरामद किया गया था। मृतका के मोबाइल से प्राप्त वीडियो में महिला ने आत्महत्या से पहले गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस और पड़ोसियों पर अत्याचार का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार को मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के कांसीराम कॉलोनी के एक फ्लैट में 35 वर्षीय महिला हिना ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

वीडियो के आधार पर महिला ने कहा कि उसे पड़ोस की रहने वाली महिलाओं ने बहुत प्रताड़ित किया, उसके ऊपर गंभीर आरोप लगाए, उसके चरित्र को बदनाम किया और उसे आए-जाए परेशान किया। यहां तक कि उसे जेल भेजने की भी कोशिश की गई। महिला ने कहा कि वह बहुत हताश और परेशान हो गई थी। उसके घर में तीन बच्चे हैं, जिन्हें छोड़कर वह इस दुनिया को अलविदा कह रही है। महिला ने वीडियो में अपने पड़ोसियों और एक युवक का नाम भी लिया।
महिला ने आत्महत्या से पहले पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए कि मदद के लिए कई बार प्रयास किए, थाना और चौकी में शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब उन्हें दुनिया छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं दिखाई दे रहा, क्योंकि उनके चरित्र का हनन उनकी पड़ोसियों और उक्त व्यक्ति द्वारा किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार को भी बदनाम किया गया।
महिला ने वीडियो में यह स्पष्ट किया कि उनकी मौत की जिम्मेदारी उनके पड़ोसियों और उस युवक पर है। उन्होंने उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उम्रकैद की सजा की मांग की।
पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए इसे साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मृतका के पति हसन जावेद ने वीडियो के आधार पर संगीता, गुनगुन और एक अन्य महिला के खिलाफ नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।











